शेखपुरा: बिहार की जनता नीतीश कुमार को सबक सिखाने के लिए हो चुकी है गोलबंद: तेजस्वी

शेखपुरा के गंगौर में चुनावी सभा को पूर्व उपमुख्यमंत्री ने किया संबोधित

0
34
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

शेखपुरा (आससे)। शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र के घाटकोसम्भा प्रखंड अंतर्गत गगौर गांव स्थित मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार जब चाहे तब 10 लाख नौकरियां दे सकती है परंतु इस सरकार में कोई इच्छा शक्ति नहीं है। विभिन्न विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हुए हैं परंतु रोजगार देने की बजाय नीतीश सरकार विकास के झूठे दावे पर अपना पीठ खुद थपथपा रही है।

बिहार की जनता इस बार नीतीश सरकार को सबक सिखाने के लिए गोलबंद हो चुकी है। इससे पहले रविवार की दोपहर तेजस्वी का हेलीकॉप्टर गगौर गांव स्थित मैदान में उतरा। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ वहां उमड़ पड़ी। मौके पर राजद प्रत्याशी विजय सम्राट के नेतृत्व में महागठबंधन नेताओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया। इसके पश्चात जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने सरकार की कई गलत नीतियों एवं नाकामियों को गिनाया।

उन्होंने कहा कि घाटकुसुंभा प्रखंड लंबे अरसे से बाढ़ ग्रस्त है परंतु इसे सरकार जलजमाव क्षेत्र घोषित कर रखी है। जिसका नतीजा है कि घाटकुसुम्भा प्रखंड के लोगों को भीषण बाढ़ की त्रसदी झेलने के बावजूद उन्हें सरकारी लाभ से वंचित होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि तीर का युग अब चला गया है। युद्ध में अब मिसाइल एवं तोप का जमाना है। तीर चला कर इस सरकार ने गरीबों एवं किसानों को लहूलुहान किया है।

लालटेन के प्रकाश से बिहार में व्याप्त अंधेरे को दूर करना है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार आती है तो तुरंत 10 लाख लोगों को रोजगार दिया जाएगा। जीविका, आशा, सेविका, सहायिका सहित अन्य लोगों को नियमित किया जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ कई कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने लोगों से राजद प्रत्याशी विजय सम्राट को विजयी बनाने की अपील की। वही मौके पर राजद प्रत्याशी विजय सम्राट ने भी अपने संबोधन में कहा कि अगर उन्हें मौका दिया जाता है तो क्षेत्र के बेहतर विकास को लेकर कई कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से समर्थन दिए जाने की अपील की।

मौके पर राजद के प्रदेश महासचिव अनिल शंकर सिन्हा, संजय गोप, विजय यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुंदर साहनी, वरिष्ठ नेता गंगा कुमार यादव, सीपीआई के जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय, कृष्ण नंदन यादव, भाकपा माले के सचिव विजय कुमार विजय सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें