जनता की सेवा करना हमारा धर्म, न्याय के साथ विकास करते हैं हम : नीतीश

नेशनल क्या, इंटरनेशनल स्तर का बनेगा दरभंगा एयरपोर्ट

0
40
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

मधुबनी/दरभंगा/मुजफ्फरपुर (आससे)। बिहार चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कई विधानसभा क्षेत्रों में सभा को सं‍बोधित किया। शुरुआत उन्होंने मधुबनी के फुलपरास से की। इसके बाद दरभंगा के बेनीपुर और दरभंगा ग्रामीण विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया। फिर वे मुजफ्फरपुर के कांटी में जनसभा को संबोधित किया। कांटी में जनसभा के संबोधन के दौरान एक बार फिर उन्होंने भीड़ के बीच से नारेबाजी कर रहे लोगों को डांट लगाई।

नीतीश कुमार की जनसभाओं में विरोध करने वाले लोगों पर वे भड़क उठते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कहीं-कहीं उन्हें विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। कांटी में जब लोगों ने विरोध किया तो मंच से ही भड़क उठे। तुरंत विरोधी दल का बताते हुए लालू-राबड़ी के शासनकाल की याद दिला दी। विरोध कर रहे लोगों से कहा, जाकर अपने मां-बाप से पूछो। पहले अपराध की घटनाओं के कारण कोई शाम होने के बाद घर से निकलने की हिम्मत कर पाता था क्या? गुस्सा शांत हुआ तो फिर अपनी उपलब्धियों का ब्योरा देने लगे। इस बीच उन्होंने विरोधियों पर जमकर निशाना भी साधा। इससे पहले फुलपरास, बेनीपुर और दरभंगा में नीतीश ने सभा की।

दरभंगा ग्रामीण में नीतीश कुमार ने तीसरी चुनावी सभा की। यहां वे मैथिली में बोलते नजर आए। सभा की शुरुआत में कहा- अहां सबके अभिनंदन करई छी, धन्यवाद दई छी। इसके बाद बोले पूरा का पूरा बिहार मिथिला पर निर्भर है। मिथिला विकास करेगा, तभी बिहार आगे बढ़ेगा। हम मिथिला के लिए और भी काम करना चाहते हैं। हमने सबके लिए काम किया है। पहले कौन पूछता था अति पिछड़ों को। हमने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। दरभंगा के लिए कितना प्रयास किया। दरभंगा का एयरपोर्ट ऐसा बनेगा कि देखते रह जाइएगा। नेशनल क्या, इंटरनेशनल स्तर का हो जाएगा।

नीतीश कुमार ने दूसरी चुनावी सभा दरभंगा के बेनीपुर में की। उन्होंने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। कहा हम काम करने वाले लोग हैं। काम में विश्वास करते हैं। कुछ लोगों के लिए परिवार ही सबकुछ है। मेरे लिए पूरा बिहार ही परिवार है। हमने न्याय के साथ विकास किया। बिना भेदभाव के हर तबके को आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण की चर्चा करते हुए विरोधी को आड़े हाथों लिया।

नीतीश ने मंच से खूब अपनी उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन कहा कि हम कभी अपने काम का प्रचार नहीं करते। अपने भाषण में महिला सशक्तीकरण की भी बात की। बोले, पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। महिला जनप्रतिनिधि आज सबसे बेहतर काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि विश्व बैंक से कर्ज लेकर जीविका समूह खोले। 1 करोड़ 20 लाख महिलाएं उससे जुड़ गई हैं। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि कभी पटना से दरभंगा आते थे तो कितना घंटा लगता था? अब क्या स्थिति है। कहा, बिहार के किसी कोने से 5 घंटा से ज्यादा समय पटना पहुंचने में नहीं लगेगा।

फुलपरास की अपनी पहली चुनावी सभा में नीतीश कुमार ने कहा कि मिथिला आगे जाएगा तो बिहार आगे जाएगा। उन्होंने मंच से अपनी उपलब्धियों को गिनाया और विरोधियों पर निशाना भी साधा। कहा कि कुछ लोग नकली बात कर भ्रम फैलाना चाहते हैं। समाज को तोड़ने वालों से बचकर रहिएगा। आपको लगता है कि अगर हमारा काम सही है तो आगे भी हमें मौका दीजिए।

नीतीश कुमार ने कहा कि हम सरकार के काम के अलावा समाज सुधार का काम भी करते हैं। समाज सुधार के लिए ही शराबबंदी लागू कराई। हमलोगों ने पर्यावरण पर काम किया। मानव शृंखला बनाकर दुनिया भर में रिकॉर्ड कायम किया। केंद्र और राज्य मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएंगे।

नीतीश कुमार ने कहा कि हमने राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर की। मौका मिला तो आठ से दस पंचायतों पर एक पशु चिकित्सालय खोलेंगे। पशु चिकित्सालय में न केवल पशुओं का इलाज होगा, बल्कि दवा की व्यवस्था भी कराएंगे। कहा, हमलोगों ने तो जहां तक हो सका, सारे काम किए। हम काम करने में विश्वास करते हैं। मौका दीजिएगा तो आगे भी काम करते रहेंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें