मुजफ्फरपुर: प्रमंडलीय सभागार एवं समाहरणालय में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन

0
45
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

मुजफ्फरपुर। संविधान दिवस पर आज प्रमंडलीय सभागार में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रमंडलीय कार्यालय के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने संविधान के प्रस्तावना का सामूहिक रूप से वाचन किया। प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार ने उन्हें संविधान के प्रस्तावना का पाठ करवाया।

इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि देश के महान लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में हमारे महान भारतीय संविधान की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश की आत्मा है। समता के अधिकार और अन्य संवैधानिक अधिकारों, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य की चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए हमे एक दूसरे के प्रति भाईचारा की भावना रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ हमे, हमारे देश तथा समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। मौके पर आयुक्त के सचिव अतुल कुमार वर्मा सहित प्रमंडलीय कार्यालय के विभिन्न  शाखाओं के कर्मी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

आज संविधान दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह द्वारा उपस्थित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को संविधान के प्रस्तावना का पाठ कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर का दिन संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। सभी को भारत के संविधान के महत्व को समझने की जरूरत है। आवश्यकता इस बात की है कि हम सभी को न केवल संविधान एवं उसकी प्रस्तावना की महता को जानना एवं समझना चाहिए बल्कि उसे आत्मार्पित भी करना चाहिए तथा यथासंभव उसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमारे देश को संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष,  समाजवादी और लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करता है और अपने नागरिकों की समानता ,स्वतंत्रता और न्याय का आश्वासन भी देता है।

उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी लोगो को संबोधित किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुनील कुमार झा,डीआरडीए निदेशक चन्दन सिंह चौहान,डीपीआरओ कमल सिंह, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा प्रीति सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें