देश में कम हो रही है कोरोना मरीजों की संख्या-स्वास्थ्य मंत्रालय

0
20
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

24 घंटे में 42,314 लोग हुये ठीक, 480 लोगों की मौत
-आज समाचार सेवा-
नई दिल्ली, 24 नवंबर। केंद्र सरकार ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 37,975 नये मामले सामने आये है। सरकार ने कहा है कि इस दौरान 42,314 लोग ठीक हुये हैं तथा 480 लोगों की मौत हुयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 42,314 लोग उपचार के बाद ठीक होकर घर लौटे हैं। सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 4,38,667 पर आ गई है। देश के कुल सक्रिय मामलों में मौजूदा सक्रिय मामलों का प्रतिशत 4.78 है, जो कि गिरावट का रुख दर्शाता है। रोगियों के ठीक होने की दर बढ़कर 93.76 प्रतिशत हो गई है। अभी तक कुल 86,04,955 रोगी ठीक हो चुके हैं। नये ठीक हुए रोगियों में से 75.71 प्रतिशत रोगी 10 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों से है।
मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली ने एक दिन में रोगियों के ठीक होने के सर्वाधिक मामले दर्ज किये हैं, जो कि 7,216 है। केरल में 5,425 लोग ठीक हुए हैं और महाराष्ट्र में 3,729 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं। नये मामलों में 77.04 प्रतिशत रोगी 10 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों से है। दिल्ली में प्रतिदिन लगातार सर्वाधिक नये मामले दर्ज किये जा रहे है और इनकी संख्या 4,454 है। महाराष्ट्र में प्रतिदिन 4,153 नये मामले दर्ज किए गये हैं।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना से 480 लोगों की मौत हुयी है। 10 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों में 73.54 प्रतिशत नई मौतें दर्ज की गई हैं। दिल्ली में प्रतिदिन सबसे अधिक 121 मौतें हुई हैं। पश्चिम बंगाल में 47 और महाराष्ट्र में 30 मौतें प्रतिदिन हुई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 6 दिन बाद, प्रतिदिन 40 हजार से कम नये मामले दर्ज हुये हैं। पिछले 24 घंटों में एक दिन में आने वाले नये मामलों की संख्या 37,975 हो गई है। 8 नवंबर से शुरू, पिछले लगातार 17 दिनों से, प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की संख्या 50,000 से नीचे बनी हुई है।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 10,99,545 नमूनों की जांच की गई है। इस तरह, देश में कराई गई कुल जांच की संख्या 13.3 करोड़ को पार कर (13,36,82,275) गई है। मंत्रालय के अनुसार प्रतिदिन औसत 10 लाख से ज्यादा जांच कराये जाने के चलते पॉजिटिव मामलों की समग्र दर को निचले स्तर पर बनाये रखना सुनिश्चित हुआ है। यह अब भी गिरावट का रुख बनाये हुये है।
मंत्रालय ने बताया कि पॉजिटिव मामलों की राष्ट्रीय समग्र दर आज 6.87 प्रतिशत है, जो कि 7 प्रतिशत के आंकड़े से कम है। प्रतिदिन सक्रिय मामलों की संख्या अब मात्र 3.45 प्रतिशत है। बड़े पैमाने पर कराई जा रही जांचों के फलस्वरूप पॉजिटिव मामलों की दर को कम रखा जा सका है। प्रति 10 लाख पर जांचों (टीपीएम) की संख्या बढ़कर 96,871 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक पिछले कुछ सप्ताह में सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार गिरावट का रुख जारी है।
समाप्त…

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें