महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढ़रपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक भारत भालके का निधन हो गया है। भारत भालके कुछ समय से कोरोना संक्रमित थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन वो इस महामारी को हरा नहीं पाए। कोविड-19 के बाद हुई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते शुक्रवार देर रात को पुणे के रूबी हॉल अस्पताल भारत भालके ने अंतिम सांस ली।
कोरोना वायरस का संक्रमण देश में तेजी से बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बाद अब एनसीपी के विधायक भारत भालके का भी कोरोना के चलते निधन हो गया है। बता दें कि विधायक को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारत भालके की जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद उनका कोरोना का इलाज शुरू किया गया था। इलाज के दौरान ही उन्हें निमोनिया हो गया, जिसके बाद उनकी हालत और भी ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनका निधन हो गया।
जानकारी के लिए बता दे कि विधायक भारत भालके का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। साल 2009 में डीप्टी सीएम रहे विजय सिंह मोहिते पाटिल को भारत भालके ने पंढरपुर की सीट से हरा दिया था। जिसके बाद जायंट किलर के नाम से वो अपनी पहचान बना चुके थे। इसके बाद साल 2014 में भारत कांग्रेस के टिकट पर पंढरपुर सीट से जीत हासिल की थी। साल 2019 में एनसीपी में शामिल हुए और तीसरी बार फिर इस सीट से जीत हासिल कर विधायक बने।