पटना: चला गया बालीवुड का ‘माही’

बांद्रा स्थित फ्लैट में की खुदकुशी

2
133
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

मुंबई (एजेंसी)। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। सुशांत के सुसाइड पर हर कोई स्तब्ध है। वे माउंट ब्लांट अपार्टमेंट के एक डुप्लेक्स फ्लैट में रहते थे। इसी के बेडरूम में कपड़े से फांसी का फंदा बनाकर उन्होंने सुसाइड किया। उनके साथ फ्लैट में तीन लोग और रहते थे। इनमें नीरज सिंह, दीपक सावंत (दोनों कुक) और सिद्धार्थ पठानी हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुशांत ने रात 12 बजे एक एक्टर को फोन किया था। यह उनकी अंतिम कॉल थी।

मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज शर्मा ने बताया कि नौकर ने सुशांत को पंखे से लटकते देखा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस समय सुशांत ने आत्महत्या की, उनके दोस्त घर में साथ थे। उनसे भी पूछताछ हो सकती है। तीन डॉक्टरों की टीम पोस्टमॉर्टम करेगी। सुशांत के मैनेजर के मुताबिक, वह अपनी दवाइयां नहीं खा रहे थे। 4 महीने से वो किसी भी डायरेक्टर या प्रोड्यूसर को वक्त नहीं दे रहे थे।

अभी तक सुशांत की आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। लेकिन, पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनके फ्लैट से कुछ दवाइयां मिली हैं, जिससे लगता है कि वह डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। रिपोर्ट्स की मानें तो सुशांत के कमरे के दरवाजे को जब तोड़ा गया तो वे फांसी के फंदे से लटके मिले। सुशांत के जीजा आईपीएस अधिकारी हैं। वह चंडीगढ़ में पोस्टेड हैं। वह मुंबई पहुंच रहे हैं। इसके बाद ये तय किया जाएगा कि अंतिम संस्कार कहां किया जाएगा। सुशांत की मुंबई में रहने वाली बहन रूबी शव के साथ हैं।

सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सलियन ने 8 जून को मुंबई में एक इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। दिशा ने मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14 वीं मंजिल से छलांग लगा दी। जिसके बाद दिशा को बोरीवली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सुशांत के दोस्तों का कहना है कि वह पिछले काफी वक्त से डिप्रेशन में थे। उनकी एक्स गर्लफ्रेंड की एक बिजनसमैन के साथ पिछले हफ्ते ही सगाई हुई है। सुशांत की मैनेजर रहीं दिशा सालियन ने भी पांच दिन पहले ही सुसाइड की है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में सुशांत से पूछताछ भी की गई थी।

सुशांत के मामा ने न्यायिक जांच की मांग की है। परिवार के लोगों के मुताबिक, सुशांत एक बंगाली लडक़ी से परेशान थे। उनके पिता पटना में रहते हैं। बताया जा रहा है कि पिता कुछ दिन बाद ही मिलने जाने वाले थे। इसी बीच यह खबर आ गई।पुलिस के मुताबिक, सुशांत सिंह राजपूत ने कमरे में कपड़े से फंदा बनाया था। उनका शव कूपर अस्पताल लाया गया है।

सुशांत सिंह राजपूत का जन्म पटना में 21 जनवरी 1986 को हुआ। वे 34 साल के थे। 2000 के शुरुआत में उनका परिवार दिल्ली में बस गया था। सुशांत की 4 बहनें हैं। उनमें से एक मीतू राज्य स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी हैं। उन्होंने काय पो चे, शुद्ध देसी रोमांस, पीके और केदारनाथ फिल्मों में काम किया था। वह कुछ उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने हाल के सालों में इंडस्ट्री के बाहर से आकर फिल्मों में अपना बड़ा नाम बनाया था।

सदमे में परिवार, पटना स्थित घर के बाहर लगी भीड़

काफी कम समय में बॉलीवुड में स्थापित हो चुके अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट में फांसी लगाकर सुसाइड किए जाने की खबर मिलते ही राजधानी पटना में शोक की लहर दौड़ पड़ी। खबर सुनते ही लोग आवाक रह गए। लोगों को यकीन नहीं हो रहा था कि बॉलीवुड के युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। सुशांत की मौत की खबर जैसे ही मुंबई से उनके पटना में राजीव नगर, रोड नंबर 6 स्थित ऊषा सिंह हाऊस, केके सिंह और सुशांत सिंह राजपूत आवास में पहुंची, सभी परिवार वाले सदमे में आ गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता बेहोश हो गए। घर के लोग उन्हें संभालने में जुटे हैं। वे होश में आते हैं और फिर थोड़ी देर बाद बेहोश हो जा रहे हैं। करीबी लोग उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक डॉक्टरों को घर बुलाया गया है। वहीं घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी है। घर के बाहर मीडियाकर्मियों का जमावड़ा लगा है। कुछ ऐसे लोग हैं जो कई बार सुशांत से मिले थे। उनका कहना है कि उन्हें इस खबर पर यकीन ही नहीं हो रहा। सुशांत एक जिंदादिल इंसान थे। वे कैसे सुसाइड कर सकते हैं। वहीं खबर सुनने के बाद दीघा विधायक संजीव चौरसिया ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और ढ़ांढ़स बंधाया। 

Patna sushant house Rajeev Nagar2 1

बता दें बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। 90 के दशक में पूरा परिवार पटना आ गया। पिता केके सिंह सरकारी अधिकारी रहे हैं। सुशांत की पढ़ाई पटना के सेंट कैरेंस स्कूल से हुई है। इसके बाद वे दिल्ली चले गए। खगडिय़ा में सुशांत का ननिहाल है। पिछले साल यहां उनका मुंडन संस्कार भी किया गया था। गौरतलब है कि उनकी मैनेजर 28 वर्षीय दिशा सालियान ने 9 जून को एक इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म नितेश तिवारी निर्देशित छिछोरे थी। टेलीविजन धारावाहिक पवित्र रिश्ता में निभाए किरदार से मशहूर हुए अभिनेता ने 2013 में काई पो छे! से फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। उन्होंने शुद्ध देसी रोमांस, एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, राबता, केदारनाथ और सोनचिडिय़ा जैसी फिल्मों में काम किया था।

सुशांत ने अलग पहचान बनायी थी

Nitish kumar 3

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चर्चित फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके असमय निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुशांत सिंह राजपूत बिहार के रहनेवाले थे और उन्होंने अपने अभिनय की बदौलत फिल्म जगत में बड़ी पहचान बनायी थी। वे दर्शकों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनका निधन हृदयविदारक घटना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। मुख्यमंत्री ने स्व. सुशांत सिंह राजपूत की आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp
पिछला लेखबिहार में एक बार फिर मिले 186 नये मरीज
अगला लेखपटना: सडक़ों पर घूमते दिखे पालतू मवेशी तो लगेगा जुर्माना
Chandra Shekhar Prasad

2 टिप्पणी

  1. सुशांत सिंह राजपूत अभिनेता को सच्ची श्रद्धांजलि देता हूं और उनके परिवार को ईश्वर से शांति प्रदान करने का कृपा व्रत करता हूं

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें